केंद्रीय श्रम एवं रोजगार तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया ने नई दिल्ली के राजघाट स्थित गांधी दर्शन में आयोजित एक कार्यक्रम में “Mahatma: A Great Communicator” शीर्षक पुस्तक का विमोचन किया। यह पुस्तक आकाशवाणी के अतिरिक्त महानिदेशक डॉ. धीरज काकड़िया द्वारा लिखी गई है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. मंडाविया ने कहा कि यह पुस्तक लोगों को महात्मा गांधी के जीवन से प्रेरणा लेने और उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने के लिए जागरूक करेगी। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी से प्रेरित होकर अनेक लोगों ने गांधीवादी संस्थानों की स्थापना की है। मंत्री ने बताया कि गांधीजी ने सबसे पहले अपने जीवन में देशभक्ति की भावना जागृत की और फिर उसी भावना को देश के लोगों में भी प्रज्वलित किया। उन्होंने अहिंसा को ब्रिटिश शासन के विरुद्ध एक प्रभावी हथियार के रूप में स्थापित किया। डॉ. मंडाविया ने यह भी कहा कि महात्मा गांधी के संदेश और आदर्श आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि गांधीजी के दृष्टिकोण के अनुरूप प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश को विकसित भारत बनाने के लिए कार्य कर रहे हैं।
डॉ. धीरज काकड़िया ने कहा कि महात्मा गांधी एक कर्मठ व्यक्ति थे, जिन्होंने अपने संचार कौशल के माध्यम से पूरे देश को एकजुट किया और ब्रिटिश शासन के खिलाफ स्वतंत्रता आंदोलन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। यह पुस्तक महात्मा गांधी के जीवन और स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान उनके संचार कौशल के प्रभाव पर आधारित है। यह पुस्तक हिंदी, अंग्रेजी और गुजराती तीन भाषाओं में प्रकाशित की गई है।
इस अवसर पर खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय के सचिव अविनाश जोशी, प्रकाशन विभाग के प्रधान महानिदेशक भूपेंद्र कैन्थोला और गुजरात विद्यापीठ के कुलपति हर्षद पटेल सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।